दुर्ग शहर में आज शाम पेयजल सप्लाई नहीं:बिजली विभाग के शटडाउन के चलते नहीं होगी आपूर्ति; परेशानी हुई तो टैंकर से सप्लाई होगी
OFFICE DESK DURG BHILAI : नगर पालिका निगम दुर्ग क्षेत्र में शनिवार यानी 4 जून की शाम पेयजल सप्लाई नहीं की जाएगी। इसे देखते हुए दुर्ग निगम प्रशासन ने लोगों से सुबह पहली पानी में उपयोग व पीने का पानी भर लेने की अपील की है। पेयजल सप्लाई न होने से दो से ढाई लाख लोग परेशान होंगे।

दुर्ग निगम से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह पहली पाली में तय समय पर पेयजल की सप्लाई की जाएगी। इसके बाद सुबह 8 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक बिजली विभाग द्वारा शटडाउन लिया जाएगा।
इसके कारण दूसरी पाली यानी शाम को पेयजल सप्लाई नहीं हो पाएगी।
विद्युत मंडल दुर्ग ने निगम प्रशासन को इसकी जानकारी दी है कि उनके द्वारा प्री मानसून मेंटेनेंस किया जा रहा है। इसमें 4 जून को 33 केवी फिल्टर प्लांट फीडर का मरम्मत किया जाना है।
इसलिए फिल्टर प्लांट परिसर की विद्युत सप्लाई सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बंद रहेगी।
दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल,आयुक्त हरेश मंडवी व जलकार्य प्रभारी संजय कोहले का कहना है कि जिन क्षेत्रों पेयजल की परेशानी होगी वहां टैंकर के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाएगी।
इसके अलावा लोगों को भी पानी स्टोर करने और जरूरत के अनुसार उपयोग करने की सलाह दी गई है।