कांकेर : भानुप्रतापपुर उप चुनाव के भाजपा उम्मीदवार ब्रम्हानंद हो सकते हैं गिरफ्तार
कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर उप चुनाव के लिए सभी उम्मीदवार जी जान से लगे हुए हैं, लेकिन इन सबके बीच दुष्कर्म के आरोप में भाजपा उम्मीदवार ब्रम्हानंद नेताम की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म पर झारखंड के जमशेदपुर जिला के टेल्को थाना में 15 जून 2019 को अपराध कमांक 84/2019 के तहत धारा 366 ए,
376, 376(3), 376 डी बी 120 बी भादवि 4.6 पॉक्सो एक्ट एवं 4,5,6,7,9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में भाजपा उम्मीदवार ब्रम्हानंद नेताम को गिरफ्तार करने झारखण्ड पुलिस पहुंची हुई है और कभी भी उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
उक्त मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने ब्रह्मानंद नेताम पर राज्य निर्वाचन आयोग से आपराधिक जानकारी छुपाने का आरोप लगाते हुए तत्काल नामांकन निरस्त करने की मांग की थी।
यही नहीं झारखंड के मुख्यमंत्री से शिकायत कर गिरफ्तारी की मांग करने की बात कही गई थी। इधर इसी मामले में दुष्कर्म की पीड़िता का नाम उजागर करने पर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग संज्ञान लेते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कांकेर एसपी को नोटिस भेजा है।
आयोग ने भाजपा के चारामा मंडल द्वारा भेजी गई शिकायत का उल्लेख करते हुए पीड़िता की पहचान गोपनीय सुनिश्चित करते हुए प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट आयोग को भेजने कहा है।