नारायणपुर : जिले के उपार्जन केंद्रो में 51 हजार 656 क्विंटल धान की हुई खरीद
नारायणपुर। वर्तमान में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में नारायणपुर जिले के उपार्जन केन्द्रों एडक़ा, गढ़बेंगाल, बासिंग, छोटेडोंगर, झारा, कन्हारगांव, धौड़ाई, नारायणपुर, चांदागांव, बेनूर, कुकड़ाझोर, बाकुलवाही और बिंजली में अब तक 51 हजार 656 क्विंटल धान की खरीद की गयी है।
सबसे अधिक धान उपार्जन केन्द्र बेनूर में 06 हजार 176 क्विंटल धान की खरीद की गई। इसके साथ ही एड़का में 05 हजार 570 क्विटल, गढ़बेंगाल में 05 हजार 923 क्विंटल, बासिंग में 204 क्विंटल,
छोटेडोंगर में 02 हजार 431 क्विंटल, झारा में 05 हजार 659 क्विंटल, कन्हारगांव में 514, धौड़ाई में 03 हजार 744, नारायणपुर में 06 हजार 39 क्विंटल, चांदागांव में 02 हजार 56 क्विंटल,
कुकड़ाझोर में 03 हजार 438 क्विंटल, बाकुलवाही में 04 हजार 352 क्विंटल और बिंजली में 5 हजार 544 क्विंटल धान की खरीदी की गयी है, जिसके एवज में किसानों को अब तक 10 करोड़ 62 लाख 64 हजार 704 रुपये का भुगतान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप समर्थन मूल्य पर जिले के किसानों से धान खरीद एक नवम्बर से शुरू की गई है। इसके लिए जिले में 09 सोसायटियों के माध्यम से धान का उपार्जन किया जा रहा है।
जिले के कुल 09 हजार 291 पंजीकृत किसानों से 31 जनवरी 2023 तक धान की खरीद की जायेगी। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने धान खरीद केन्द्रों में सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध रहना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने उपार्जन केन्द्रों के लिए नियुक्त किये गये नोडल अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिये हैं।