धमतरी : राजस्व वसूली के लिए निगम का लगा शिविर, पहले दिन वसूले 17 हजार रुपये
धमतरी। बकाया करों की वसूली के लिए नगर निगम ने एक बार फिर से शहर में राजस्व वसूली शिविर का आयोजन शुरू कर दिया है।
प्रचार-प्रसार के अभाव के चलते वसूली शिविर में लोग कर पटाने नहीं आ रहे हैं। शिविर के पहले ही दिन भी आशानुरूप लाेगों की भीड़ नहीं जुट पाई।
नगर निगम द्वारा बकाया राजस्व की वसूली के लिए एक बार फिर से अभियान शुरू किया गया है। पांच दिसंबर को शहर के रिसाईपारा पूर्व वार्ड के गायत्री मंदिर परिसर व बांसपारा वार्ड के सामुदायिक भवन में शिविर का आयोजन हुआ।
जहां संपत्ति कर, समेकित कर, जल शुल्क, शिक्षा उपकर एवं अन्य बकाया करों की वसूली की गई। शहर के 40 वार्डों में नगर निगम द्वारा करों की वसूली के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इसके लिए निगम के कर्मचारियों को प्रभार बांटा गया है। नगर निगम द्वारा आयोजित होने जा रहे इस वसूली शिविर से उम्मीद है कि निगम को बकाया राजस्व की वसूली प्राप्त होगी।
निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने बताय कि दिनभर चले शिविर में कुल 17 हजार की राजस्व वसूली हुई है। आने वाले दिनों में शुल्क बढ़ेगा। बकाया कर की वसूली के लिए ही नगर निगम द्वारा वार्डवार शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर के अलावा शहर के नागरिक नगर निगम के राजस्व विभाग में आकर भी अपना शुल्क पटा सकते हैं। निर्धारित अवधि में शिविर में जिन लोग शुल्क नहीं पटाएंगे उन पर शासकीय नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
लाखों का राजस्व बकाया
जानकारी के अनुसार नगर निगम को संपत्ति कर, दुकान किराया, जलकर के रूप में लाखों रुपये वसूल करने हैं। शहर के कई नागरिक नगर निगम से सुविधा लेने के लिए नल कनेक्शन और दुकान किराए पर तो ले लेते हैं,
लेकिन नियमित इसका शुल्क नहीं पटाते।इसके चलते शुल्क बढ़ते बढ़ते पहले सैकड़ों फिर हजारों और बाद में लाखों तक पहुंच जाता है।
नगर निगम क्षेत्र में सैकड़ों लोग हैं जिनका राजस्व बकाया है। बार-बार निगम द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद भी कुछ असर नहीं होता। तालाबंदी और जब्ती की कार्रवाई अपनाने के बाद लोग शुल्क पटाने पहुंचते हैं।