रायपुर : कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन छत्तीसगढ़ में
रायपुर। कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अगले वर्ष 2023 के फरवरी माह में आयोजित किया जाएगा। उक्त जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में लौटने के बाद अपने ट्वीटर में दी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में हुए उक्त निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल है जब प्रदेश की राजधानी रायपुर को राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने के लिए चुना गया है।
उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।