बस्तर : बालक आश्रम शाला करियाकाटा में साज-सज्जा एवं पालक-बालक सम्मेलन का आयोजन शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस आयोजन में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं हेतु तीन टीमों का गठन किया गया था— शहीद वीर गुंडाधुर दल, शहीद बिरसा मुंडा दल तथा शहीद वीर नारायण सिंह दल।

इन दलों के बच्चों ने कविता, गीत, कहानी, कुर्सी दौड़, सज्जा एवं झांकी आदि गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उक्त गतिविधियों का निर्णायक मंडल द्वारा अवलोकन कर बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार वितरित किए गए। इसमें प्रथम स्थान शहीद वीर गुंडाधुर दल तथा द्वितीय स्थान शहीद वीर नारायण सिंह दल ने प्राप्त किया।

इस अवसर पर पूर्ण न्योता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी, पापड़, पनीर की सब्जी, दाल, चावल, सलाद आदि व्यंजन परोसे गए।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण, स्व सहायता समूह के सदस्य तथा आश्रम शाला के समस्त कर्मचारी एवं बच्चे उपस्थित रहे।









