कोतवाली पुलिस की लगातार कार्रवाई का बड़ा असर, सीसीटीवी और साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। होटल एम्बिशन के रिसेप्शन से ₹1 लाख की नगदी चोरी करने वाले आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा लगातार आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में होटल एम्बिशन में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री धोत्रे सुमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
🔴 नौकरी ज्वाइन करते ही कर दिया हाथ साफ
पुलिस के अनुसार, होटल एम्बिशन के कर्मचारी अरुण कुमार कंसारी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि होटल में नया कर्मचारी बनकर 18 जुलाई 2026 को नौकरी ज्वाइन करने वाले आरोपी अनिमेष बक्सी (24 वर्ष) ने अगले ही दिन 19 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच रिसेप्शन की दराज में रखी ₹1,00,000 की नगदी चोरी कर ली।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और होटल सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
🔎 सीसीटीवी से हुई पहचान, साइबर सेल ने पुणे में खोज निकाला
आरोपी की पहचान अनिमेष बक्सी, पिता मिरनाल बक्सी, उम्र 24 वर्ष, निवासी रांची, झारखंड के रूप में हुई।
आरोपी घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन पुणे शहर में ट्रेस की। इसके बाद विशेष टीम को पुणे रवाना कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया, जिसके बाद दिनांक 11 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
⚠️ कई राज्यों के होटलों में चोरी का शक
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा तिरुपति (आंध्र प्रदेश), गोवा, कोच्चि, तमिलनाडु और पुणे सहित विभिन्न स्थानों के होटलों में इसी तरह की वारदात कर लाखों रुपये की चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा इस संबंध में भी आगे जांच की जा रही है।
👮 कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
निरीक्षक: लीलाधर राठौर
उनि.: प्रमोद ठाकुर, अरुण मरकाम, अमित सिदार
PSI: भूपेंद्र पैकरा
HC: विनोद चांदने
आरक्षक: भीम मंडावी, राजू बघेल, त्रिनाथ कश्यप, बलराम, सोनू गौतम, हिमांशु
बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराधी चाहे वारदात के बाद कितनी भी दूर क्यों न भागे, तकनीकी जांच और पुलिस की सतर्कता से कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं है।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226







