महादेव घाट, डोंगा घाट और पुराने पुल का किया निरीक्षण; राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर लगाए जाएंगे ढाई हजार पौधे

जगदलपुर। लगातार हुई भारी बारिश के बाद शहर में बनी बाढ़ की स्थिति के बीच महापौर संजय पांडे ने बुधवार को मोर्चा संभालते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों का जमीनी निरीक्षण किया। महापौर ने महादेव घाट, डोंगा घाट, पुराने पुल, गोरिया बहार सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर जलस्तर, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौजूदा हालात की जानकारी ली और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि फिलहाल पानी की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश और नदी के बढ़ते-घटते जलस्तर को देखते हुए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।

उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि जलभराव एवं नदी किनारे के संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
🌳 इंद्रावती से गोरिया बहार तक दिखेगा हरियाली का नया नजारा
बाढ़ प्रभावित इलाकों की निगरानी के साथ महापौर ने शहर के सौंदर्यीकरण और हरियाली अभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया। इंद्रावती नदी से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर और डिवाइडर के आसपास करीब 2,500 पौधे लगाए जाने की तैयारी है।
पौधरोपण से पहले महापौर ने स्थल की साफ-सफाई, पौधरोपण क्षेत्र की तैयारी और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस क्षेत्र में मुख्य रूप से कनेर और टिकोमा के पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के विकसित होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग का यह हिस्सा हरियाली से आच्छादित नजर आएगा, जिससे न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल होगी।
🚨 बाढ़ की निगरानी के साथ विकास पर भी फोकस
महापौर के निरीक्षण में एक ओर जहां बारिश और बाढ़ के बाद पैदा हुई परिस्थितियों, जलस्तर और नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई, वहीं दूसरी ओर शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की निगम की तैयारियां भी दिखाई दीं।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंग देवांगन, MIC सदस्य निर्मल पाणिग्राही, संग्राम सिंह राणा एवं विधुशेखर झा सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















