रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली दौरे के बाद राजधानी रायपुर लौट आए। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही नेपाल में आई भीषण बाढ़ त्रासदी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद है। इस बाढ़ त्रासदी में देश और छत्तीसगढ़ के भी कुछ लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की हरसंभव मदद के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
नेपाल में फंसे और लापता लोगों के लिए कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में फंसे या लापता लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। जिन लोगों के परिजन नेपाल में फंसे हुए हैं या जिनकी जानकारी नहीं मिल पा रही है, वे कंट्रोल रूम के माध्यम से सरकार से संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दिल्ली में BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात
मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सौजन्य मुलाकात की और छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रदेश में भाजपा संगठन प्रभारी की नियुक्ति के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी रह चुके हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश के लिए नए संगठन प्रभारी की नियुक्ति होना स्वाभाविक है।
आगामी चुनावों में BJP को जीत का भरोसा
प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कामकाज को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तर पर बेहतर काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां भारतीय जनता पार्टी को अच्छी जीत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में विकास और जनहित से जुड़े कई अच्छे काम किए हैं। सरकार के कार्यों और जनता के समर्थन के आधार पर भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226


















