रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस का एक साथ छापा, दो जगह मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं; मैनेजर-कर्मचारियों पर कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छत्तीसगढ़ । रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस का एक साथ छापा , राजधानी रायपुर में संदिग्ध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ औचक जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया।

जांच अभियान के लिए पुलिस ने 15 विशेष टीमों का गठन किया था। राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी इस कार्रवाई में शामिल रहे। राजधानी के तीनों पुलिस जोन में एक साथ जांच अभियान चलाया गया।

दस्तावेज से लेकर CCTV तक खंगाले

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में पहुंचकर केवल कागजी दस्तावेजों की जांच नहीं की, बल्कि CCTV कैमरे, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, कर्मचारियों का वेरिफिकेशन और अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी खंगाले। पुलिस का मुख्य फोकस स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना था।

कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।

दो स्पा सेंटरों में मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं

सघन जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ वैधानिक प्रक्रिया भी पूरी की।

CCTV व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर

जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में लगे CCTV कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यप्रणाली और रिकॉर्डिंग क्षमता की भी पड़ताल की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी में CCTV की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इसकी व्यवस्था को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि शहर के स्पा सेंटरों पर निगरानी और औचक जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी, संदिग्ध गतिविधि या किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि सामने आने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

30 स्पा सेंटरों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई ने राजधानी में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संकेत दे दिया है।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें