निशानदेही पर गबन की गई TVS Raider बरामद, आरोपी न्यायालय में पेश

जगदलपुर/परपा। भरोसे में लेकर बाइक ले गया : विश्वास में लेकर मोटरसाइकिल मांगना और फिर उसे वापस करने के बजाय गबन कर फरार हो जाना आरोपी को भारी पड़ गया। थाना परपा पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी गजेन्द्र सेठिया उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गबन की गई TVS Raider मोटरसाइकिल क्रमांक CG-17-LB-9725 भी बरामद कर ली है।

मामला 07 अगस्त 2026 का है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी ग्राम केशलूर चौक के पास बैठा था, तभी आरोपी गजेन्द्र सेठिया उर्फ गोलू (32) वहां पहुंचा और अपनी जरूरत बताते हुए कुछ समय के लिए मोटरसाइकिल मांगी। आरोपी ने वाहन वापस करने का भरोसा दिलाया। विश्वास में आकर प्रार्थी ने अपनी TVS Raider उसे सौंप दी।
लेकिन मोटरसाइकिल हाथ लगते ही आरोपी की नीयत बदल गई। वह वाहन लेकर फरार हो गया और काफी समय बीतने के बाद भी मोटरसाइकिल वापस नहीं की। प्रार्थी ने आरोपी से संपर्क कर वाहन वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
मामले में प्रथम दृष्टया विश्वास में सौंपी गई संपत्ति का बेईमानीपूर्वक गबन और अमानत में खयानत किए जाने का तथ्य सामने आने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार तलाश के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर एवं एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान आरोपी के अपने सकुनत पर लौटने की विश्वसनीय सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई और उसका मेमोरेण्डम कथन दर्ज किया गया। आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद उसकी निशानदेही पर गबन की गई TVS Raider मोटरसाइकिल CG-17-LB-9725 बरामद कर विधिवत जप्त की गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी गजेन्द्र सेठिया उर्फ गोलू, पिता तुलाराम सेठिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम केशलूर, रेल्वे पटरी के पास, थाना परपा, जिला बस्तर को विधिवत गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, एएसआई छवि ठाकुर, प्रधान आरक्षक लवन पाणिग्रही, खेदू ठाकुर, रमेश पासवान तथा आरक्षक अश्विन केरकेट्टा और नीरज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















