Search
Close this search box.

धर्मात्मा मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

म्योराबाद में धर्मांतरण के आरोप पर विहिप कार्यकर्ताओं का हंगामा, दो आरोपी हिरासत में,

प्रयागराज कैंट थाना क्षेत्र के म्योराबाद चर्च के पास शनिवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पास के एक मकान में चोरी-छिपे चंगाई सभा के नाम पर लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकान के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने जांच के बाद चंगाई सभा करने वाले दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा दोनों से पूछताछ की जा रही है।

आवागमन बढ़ने पर हुआ शक

जानकारी के मुताबिक म्योराबाद चर्च के पास स्थित एक मकान में लोगों की आवाजाही बढ़ने पर विहिप कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ। शनिवार दोपहर विहिप कार्यकर्ता अमित मिश्रा, शुभम कुशवाहा, विजय पांडे समेत अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया। आरोप लगते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां जमा हो गए।

विहिप कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मकान में लोगों को लालच देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था।

हंगामे के दौरान विवाद भी, गला दबाने का आरोप

कार्यकर्ता अमित मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जब विरोध किया तो उन्हें अपशब्द कहे गए और गमछे से गला दबाकर मारने की कोशिश की गई। साथी कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप पर उनकी जान बची।

इसके बाद पुलिस ने स्थिति गंभीर होती देख मकान में मौजूद लोगों को बाहर निकाला और तलाशी ली। मौके से कुछ कागजात भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में कहा — केवल प्रार्थना सभा चल रही थी

पुलिस पूछताछ में मकान में मौजूद लोगों ने बताया कि वहां केवल प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, धर्मांतरण नहीं।

जांच के बाद पुलिस ने मौके पर मिले सभी लोगों को छोड़ दिया।

बाद में अमित मिश्रा द्वारा कैंट थाने में तहरीर देकर धर्मांतरण का आरोप लगाया गया, हालांकि अभी तक इसमें मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

पुलिस का पक्ष

कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया —

“पूछताछ में प्रार्थना सभा आयोजित होने की बात सामने आई है। कागजात कब्जे में ले लिए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।”

Awnish Singh
Author: Awnish Singh

Leave a Comment

और पढ़ें