छत्तीसगढ़ की राजधानी में आयकर विभाग ने कई लोहा कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. डेढ़ सौ से अधिक आयकर विभाग के अधिकारियों ने गुरूवार की तड़के लोहा कारोबारियों की यहां दबिश दी. टीम मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है. आयकर विभाग की टीम के साथ 100 से ज्यादा सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद हैं.

सूत्रों के अनुसार इस अभियान में मध्यप्रदेश और झारखंड की आईटी टीमें भी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक लगभग 50 से ज्यादा स्थानों पर एक साथ रेड की गई है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 100 से अधिक सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं.
आईटी टीम की मुख्य कार्रवाई स्पंज कारोबारी अरविंद अग्रवाल और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर की जा रही है. सूत्र बताते हैं कि अरविंद अग्रवाल के संबंध हिंदुस्तान कोएल्स, ओम स्पंज, देवी स्पंज और गुडलक सिटी जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े हैं. इसके साथ ही फर्म के अन्य संचालकों और एक हवाला कारोबारी के घर, दफ्तर और फैक्ट्रियों पर भी टीम ने दबिश दी है.
रायपुर और औद्योगिक क्षेत्रों में छापे
रायपुर में वालफोर्ट सिटी, सिग्नेचर होम्स सहित कई कारोबारियों के आवासों और दफ्तरों पर रेड जारी है. इसके अलावा सिलतरा और तिल्दा स्थित कई फैक्ट्रियों में भी आईटी की टीमों ने दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाल रही है. वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा मामला जानकारी के मुताबिक, मामला छत्तीसगढ़ और झारखंड में जमीन और लोहे के कारोबार से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं संबंधित है.
आयकर विभाग को संदेह है कि बड़े पैमाने पर आय छिपाने और हवाला लेनदेन की गतिविधियां चली हैं. आयकर विभाग के अधिकारी सभी मामले से जुड़ी सभी कारोबारियों के घरों और कार्यालयों में अनियमितता से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच कर रहे हैं.









