चेन्नई। चेन्नई में TVK नेता की बीच सड़क हत्या, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। वन्ननदुरई इलाके में TVK से हाल ही में जुड़े कन्नन पर छह लोगों के एक गैंग ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कन्नन की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।


घर से दफ्तर जाते वक्त घेरा
पुलिस के मुताबिक, कन्नन अपने घर से रामास्वामी एवेन्यू स्थित दफ्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छह हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमलावरों ने कन्नन पर कई वार किए, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्यारों की तलाश में 5 विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं। फिलहाल पांच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
कन्नन का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि कन्नन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। करीब 8 साल पहले इसी इलाके में शिवा और वेलु की हत्या के एक मामले में कन्नन के खिलाफ केस चल रहा था। पुलिस अब इस पुराने विवाद समेत हत्या के पीछे की वजहों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश, पुरानी दुश्मनी या अन्य कारण—इन सभी एंगल से जांच जारी है।


















