जगदलपुर। जगदलपुर के दलपत सागर वार्ड अंतर्गत गायत्री नगर रोड स्थित जॉकी शोरूम के सामने वाली गली में एक चालू सड़क को बाउंड्री बनाकर बंद किए जाने का मामला सामने आया है। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब इस पूरे मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि क्या किसी सार्वजनिक सड़क को कुछ लोगों की मांग पर इस तरह बंद किया जा सकता है?


मामले को लेकर राष्ट्रवादी न्यूज़ के मुख्य संपादक सम्यक नाहटा ने संबंधित वार्ड पार्षद से फोन पर चर्चा की। पार्षद ने बताया कि दलपत सागर वार्ड के कुछ घर वाले ने विज्ञप्ति देकर कहा घरों में नाली का पानी घुसने की समस्या है। स्थानीय निवासियों द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने के बाद सड़क को बंद करने का निर्णय लिया गया।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि किसी सड़क से जल निकासी की समस्या है, तो क्या उसका स्थायी समाधान सड़क बंद करना है? क्या इसके बजाय नगर निगम द्वारा नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार या अन्य तकनीकी उपाय नहीं किए जाने चाहिए थे?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क सभी नागरिकों की सुविधा के लिए होती है। यदि किसी कारणवश उसे बंद करना आवश्यक हो, तो इसके लिए सक्षम प्रशासनिक स्वीकृति, तकनीकी परीक्षण और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था होना आवश्यक है। यदि ऐसा नहीं हुआ है, तो इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि नगर निगम और जिला प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर स्पष्ट करें कि सड़क बंद करने का आदेश किसके निर्देश पर और किस नियम के तहत दिया गया। साथ ही, यदि सड़क बंद करना नियमों के विपरीत है तो उसे तत्काल खोला जाए।
राष्ट्रवादी न्यूज़ का सवाल :-
क्या दलपत सागर वार्ड में कुछ लोगों की शिकायत के आधार पर सार्वजनिक सड़क को बंद करना उचित है, या प्रशासन को समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए?



















