एक लाख श्रद्धालुओं के बीच पुलिस का हाई अलर्ट, ड्रोन-CCTV से निगरानी; पंचनुमा स्टील हथियार भी मिले, महिला कमांडो से लेकर वॉलेंटियर्स तक ने संभाला मोर्चा

जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त। नाग पंचमी के मौके पर अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदलहा पहाड़ में लगा ऐतिहासिक मेला इस बार सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं रहा, बल्कि पुलिस के लिए भीड़ के बीच सुरक्षा का बड़ा ऑपरेशन साबित हुआ। करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा। मेले में युवकों के हाथों में पहने करीब 5500 भारी स्टील के कड़े उतरवाकर जमा कराए गए। जांच के दौरान कुछ युवकों के पास हाथ में पहनने वाले पंचनुमा स्टील के हथियार भी मिले, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अपने कब्जे में लिया।

भीड़ में संभावित मारपीट और हमले की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारी और मजबूत स्टील के कड़ों को सुरक्षा के लिहाज से हटवाया। इसी दौरान मेले में अलग-अलग लोगों द्वारा पाकिट, बैग और झोलों में छिपाकर लाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई।

एक लाख की भीड़, हर गतिविधि पर नजर
पोड़ी दल्हा पहाड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का बहुस्तरीय इंतजाम किया था। जमीन पर पुलिस की टीमों की लगातार पेट्रोलिंग चलती रही, वहीं ड्रोन कैमरे और क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों से भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।
पुलिस की नजर खासतौर पर ऐसे युवकों और संदिग्ध गतिविधियों पर रही, जिनसे मेले की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो सकती थी। भीड़ के बीच लगातार पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखी गई।
कड़े जांच के घेरे में आए तो उतरवाए गए
मेले में पुलिस ने सुरक्षा जांच के दौरान युवकों के हाथों में पहने स्टील के कड़ों को भी जांच के दायरे में लिया। पुलिस के मुताबिक करीब 5500 नग भारी स्टील के कड़े उतरवाकर जमा कराए गए।
इनमें कई कड़े भारी और मजबूत पाए गए। पुलिस का आकलन था कि इस तरह के कड़ों का इस्तेमाल मारपीट या हमले के दौरान हथियार के रूप में किया जा सकता है। इसके अलावा कुछ युवकों के हाथों में पहने जाने वाले स्टील के पंचनुमा हथियार भी मिले। पुलिस ने इन्हें मौके पर ही उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
भीड़ वाले धार्मिक आयोजन में छोटी सी झड़प भी बड़ी घटना का रूप ले सकती है। यही वजह रही कि पुलिस ने हथियारनुमा वस्तुओं को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती।
बैग और झोले में छिपाकर शराब, करीब 150 पाव जब्त
मेले में शराब लेकर पहुंचने वालों पर भी पुलिस की निगाह रही। जांच के दौरान अलग-अलग व्यक्तियों के पाकिट, बैग और झोलों में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
भीड़भाड़ वाले मेले में शराब की मौजूदगी से विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शराब को जब्त किया।
ड्रोन आसमान में, CCTV की नजर जमीन पर
मेले की सुरक्षा में इस बार तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। भीड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे सक्रिय रहे। वहीं क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के जरिए भी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जमीन पर पुलिस की टीमों ने लगातार पेट्रोलिंग की। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल निगरानी और जांच की व्यवस्था रखी गई।
साइबर ठगी के खिलाफ मेले में जागरूकता का नया मोर्चा
मेले में पुलिस की भूमिका सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रही। साइबर जागृति अभियान के तहत श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से बचने के प्रति जागरूक किया गया।
दल्हा पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड और जोन बनाए गए। श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी ली और सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाया।
इस तरह आस्था के इस बड़े आयोजन में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान भी आकर्षण का केंद्र बना।
महिला कमांडो से पहाड़ मित्र तक, कई टीमों ने संभाला मोर्चा
मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ स्थानीय सहयोगी समूहों की भी भूमिका रही। ग्राम पड़रिया की महिला कमांडो टीम, पहाड़ मित्र, वॉलेंटियर्स, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा, आश्रम परिवार समिति और वन प्रबंध समिति ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226


















