लोकसभा सदन से ले कर जगदलपुर तक कांग्रेस का रवैय्या उनके चरित्र का वर्णन कर रहा : सुधा मिश्रा , भाजपा पश्चिम मण्डल उपाध्यक्ष
जगदलपुर :- कांग्रेस नेता जगदलपुर शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य द्वारा महिलाओं के विरुद्ध सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी ‘डार्लिंग’ शब्द के प्रयोग की कड़े शब्दों में भाजपा पश्चिम मण्डल उपाध्यक्ष व महिला नेत्री सुधा मिश्रा ने निंदा की है।

सुधा मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अध्यक्ष जैसे बड़े पद पर विराजमान कांग्रेस के नेता सुशील मौर्य द्वारा सार्वजनिक सोशल मीडिया मंच से महिलाओं के लिए ‘डार्लिंग’ जैसे अमर्यादित शब्द का प्रयोग किए जाने पर महिलाओं में गहरा रोष और आपत्ति है। एक जिम्मेदार राजनीतिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली यह टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि उनकी स्त्री-विरोधी मानसिकता को भी दर्शाती है।
एक तरफ देश नारी शक्ति के सशक्तिकरण की बात कर रहा है, देश के प्रधानमंत्री व भाजपा सरकार नारी सशक्तिकरण की ओर कार्य कर रहे है ,वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता महिलाओं को अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। ‘डार्लिंग’ शब्द का प्रयोग करना उनकी ओछी मानसिकता का प्रमाण है। हम इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मर्यादा का उल्लंघन: सार्वजनिक जीवन में भाषा की शुचिता अनिवार्य है। महिलाओं को संबोधित करने के लिए ऐसे आपत्तिजनक शब्दों का चयन करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
नैतिक पतन का प्रतीक: यह घटना दर्शाती है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं के मन में महिलाओं के प्रति सम्मान का अभाव है। राजनीति में इस प्रकार के ‘सस्ते’ और ‘अश्लील’ संबोधनों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
माफी की मांग: हम मांग करते हैं कि संबंधित नेता अपने इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से देश की समस्त नारी शक्ति से माफी मांगें। साथ ही, कांग्रेस आलाकमान को इस पर संज्ञान लेते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।








