बीजापुर/जगदलपुर, 18 जून। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी को लेकर सियासत गरमा गई है। गुरुवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता रेखचंद जैन ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है, जो सीधे तौर पर जनता पर अत्याचार है।

रेखचंद जैन ने कहा कि प्रदेश के करीब 45 लाख परिवारों के बिजली बिल तीन गुना तक बढ़ गए हैं, जिससे आम जनता बुरी तरह परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राहत देने के बजाय लगातार जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।
उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। वहीं कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही हाल ही में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (MPPS) भी बढ़ाया गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में बिजली दरों में मात्र 2 पैसे की वृद्धि हुई थी और 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा करने की योजना लागू थी। लेकिन भाजपा सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया और लगातार दरें बढ़ा रही है।
रेखचंद जैन ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं को बिल के नाम पर लूट रहा है। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं को एक ही महीने में ऑनलाइन और ऑफलाइन अलग-अलग बिल भेजे जा रहे हैं और बिना सहमति के अनुबंध भार क्षमता बढ़ाई जा रही है।
स्मार्ट मीटरों को लेकर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दिखा रहे हैं और सामान्य मीटर की तुलना में तेज चल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जून माह में लाखों उपभोक्ताओं के बिल औसतन तीन गुना तक बढ़ गए हैं।
उन्होंने बिजली बिल बढ़ने के तीन प्रमुख कारण बताए—बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटरों की कथित गड़बड़ी।
रेखचंद जैन ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की भाजपा सरकार ने स्मार्ट मीटर वापस लेने का फैसला किया है, इसलिए छत्तीसगढ़ सरकार को भी जनहित में ऐसा ही कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने सरकार पर 24 घंटे बिजली देने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता एक तरफ बिजली कटौती से जूझ रही है और दूसरी तरफ महंगे बिलों का बोझ झेल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226









