Bastar Forest Division Conducts Mock Drill in Sensitive Areas to Combat Forest Crimes
जगदलपुर, 18 जून 2026 : वनों की सुरक्षा को लेकर बस्तर वनमंडल अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अवैध कटाई, अतिक्रमण और शिकार जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त रणनीति के तहत मॉकड्रिल आयोजित कर अपनी तैयारी का दम दिखाया है।

वन परिक्षेत्र भानपुरी के बनियागाँव और पिपलावंड जैसे संवेदनशील इलाकों में आयोजित इस वनमंडल स्तरीय मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में वन अमले की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना रहा। इस अभ्यास के जरिए यह परखा गया कि किसी भी वन अपराध की सूचना मिलने पर टीम कितनी तेजी और प्रभावशीलता से कार्रवाई कर सकती है।

मॉकड्रिल के दौरान वन अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दिया। सूचना मिलते ही तत्काल प्रतिक्रिया, घटनास्थल तक त्वरित पहुंच और प्रभावी कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया को युद्ध स्तर पर अभ्यास में उतारा गया। जंगलों में सघन गश्त करते हुए टीम ने वन अपराधों के काल्पनिक मामलों पर तत्काल कार्रवाई कर अपनी तैयारियों को और धार दी।

इस दौरान ग्रामीणों और ट्रैक्टर चालकों को भी सख्त चेतावनी देते हुए समझाइश दी गई कि वनों को नुकसान पहुंचाना और अवैध अतिक्रमण करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इसके गंभीर पर्यावरणीय दुष्परिणाम भी सामने आते हैं। साथ ही लोगों को वन संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इस विशेष अभियान में वनमंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, उप वनमंडलाधिकारी श्री आईपी बंजारे, श्री योगेश रात्रे एवं श्री सुखदास नाग सहित सभी परिक्षेत्र अधिकारियों और वन अमले की सक्रिय भागीदारी रही।

मॉकड्रिल के दौरान वनमंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता ने स्पष्ट संदेश दिया कि वन केवल संसाधन नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता संरक्षण और जल स्रोतों के अस्तित्व का आधार हैं। उन्होंने कहा कि वन और वन्य जीव एक-दूसरे के पूरक हैं और इनका संरक्षण मानव जीवन के सुरक्षित भविष्य के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वनों की रक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य के लिए सभी को मिलकर इस जिम्मेदारी को निभाना होगा।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226








