बस्तर जिला कृषि विभाग के उप संचालक कृषि (DDA) राजीव श्रीवास्तव एवं सहायक संचालक कृषि (ADA) लखन दीवान के निर्देशन में विभागीय अधिकारियों ने स्वयं केंद्र पर उपस्थित रहकर यूरिया की बिक्री की निगरानी की।
जगदलपुर/बस्तर। बस्तर जिला कृषि विभाग ने किसानों के हित में एक सराहनीय पहल करते हुए 266 रुपये की निर्धारित कीमत पर यूरिया उपलब्ध कराकर किसानों का भरोसा जीत लिया। कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को बिना किसी अतिरिक्त टैगिंग या अनावश्यक उत्पाद खरीदने की शर्त के यूरिया वितरित किया गया।

जानकारी के अनुसार, परचनपाल स्थित समृद्धि कृषि केंद्र में कुछ दिन पहले यूरिया को लेकर कार्रवाई करते हुए खाद का स्टॉक सीज किया गया था। इसके बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग ने किसानों को राहत देने के लिए सीज किए गए यूरिया का वितरण निर्धारित सरकारी मूल्य 266 रुपये प्रति बोरी पर कराया।

👇देखिए वीडियो👇
अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि प्रत्येक किसान को निर्धारित मूल्य पर ही खाद मिले और किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वसूली या जबरन नैनो यूरिया की टैगिंग न की जाए।
यूरिया मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली और कृषि विभाग की इस पहल की सराहना की। किसानों का कहना है कि विभाग की सक्रियता से उन्हें समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध हो सकी, जिससे खरीफ सीजन की खेती में उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं भी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जाए या खाद के साथ जबरन अन्य उत्पाद खरीदने का दबाव बनाया जाए, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित कृषि अधिकारियों को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226







