जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार दंडित बंदी महेन्द्र दीवान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब तीन माह से फरार चल रहे इस शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने नारायणपुर में घेराबंदी कर दबोच लिया। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम की अहम भूमिका रही।


पुलिस के मुताबिक महेन्द्र दीवान के खिलाफ बस्तर, कांकेर और दंतेवाड़ा जिलों में चोरी सहित 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी मार्च 2026 में केंद्रीय जेल जगदलपुर की दीवार फांदकर फरार हो गया था, जिसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में टीआई लीलाधर राठौर ने विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने नारायणपुर में योजनाबद्ध घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जगदलपुर लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पुनः केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक भोला सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा सहित कोतवाली और नारायणपुर पुलिस के जवानों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस महकमे में टीआई लीलाधर राठौर के नेतृत्व, प्रभावी रणनीति और टीमवर्क की व्यापक सराहना हो रही है।


















