जगदलपुर। बस्तर जिले में मानसून के साथ आई फ्लू (कंजंक्टिवाइटिस) तेजी से फैल रहा है। पिछले एक महीने में 600 से अधिक लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जिले के महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आंखों में लालपन, जलन, खुजली और पानी आने जैसी शिकायतों के साथ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन यदि लोग लापरवाही बरतते हैं तो संक्रमण तेजी से फैल सकता है।
बारिश और नमी बनी संक्रमण की बड़ी वजह
विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में बढ़ी नमी, धूल और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से कंजंक्टिवाइटिस तेजी से फैलता है। यह आंख की बाहरी पारदर्शी झिल्ली का वायरल संक्रमण है, जो बेहद संक्रामक होता है।

डॉक्टरों का कहना है कि सही इलाज और सावधानी बरतने पर यह संक्रमण सामान्यतः 7 से 15 दिनों में ठीक हो जाता है। लेकिन घरेलू नुस्खों या बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से समस्या गंभीर हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सभी अस्पतालों को दिए निर्देश
सीएमएचओ डॉ. संजय बासक ने बताया कि बारिश के मौसम में हर वर्ष आई फ्लू के मामले बढ़ते हैं। वर्तमान में जिले के अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बीएमओ और नेत्र रोग विशेषज्ञों को मरीजों की काउंसलिंग, समय पर उपचार और बचाव संबंधी जानकारी देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
https://rashtravadinews.in/मुस्कुराता-बस्तर-थीम-पर/
ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से करें संपर्क
यदि आंखों में लालपन, लगातार पानी आना, तेज जलन, खुजली या सूजन जैसी समस्या दिखाई दे तो घरेलू उपचार करने की बजाय तुरंत चिकित्सक से जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
आंखों को बार-बार हाथ न लगाएं।
संक्रमित व्यक्ति के तौलिया, रूमाल या अन्य सामान का उपयोग न करें।
आंखों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
बिना डॉक्टर की सलाह के कोई आई ड्रॉप या दवा न लें।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आई फ्लू जानलेवा बीमारी नहीं है, लेकिन समय पर इलाज और सावधानी ही इसके फैलाव को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226








