जगदलपुर से चित्रकोट तक निकली तिरंगा बाइक रैली, कलेक्टर-एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया हिस्सा; चित्रकोट में स्वच्छता अभियान चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जगदलपुर, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रगौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले बाइक सवारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

रैली में कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली पीजी कॉलेज चौक से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौक, दंतेश्वरी मंदिर, दलपत सागर सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

लोहांडीगुडा से चित्रकोट तक दिखा देशभक्ति का उत्साह
तिरंगा यात्रा को पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना के नेतृत्व में लोहांडीगुडा तक ले जाया गया। वहीं उसरीबेड़ा से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप के साथ जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य भी यात्रा में शामिल हुए। अलग-अलग स्थानों से जुड़े जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को और व्यापक स्वरूप दिया।
चित्रकोट में राष्ट्रप्रेम के साथ स्वच्छता का संदेश

तिरंगा बाइक रैली का समापन जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट जलप्रपात में हुआ। यहां प्रतिभागियों ने केवल राष्ट्रप्रेम का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का भी संदेश दिया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिभागियों ने चित्रकोट जलप्रपात एवं आसपास के पर्यटन क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा लोगों से पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि तिरंगा यात्रा के साथ स्वच्छता अभियान को जोड़ना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की स्वच्छता की पहल को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वच्छता केवल घर तक सीमित न रहे, बल्कि अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों और पर्यावरण को भी स्वच्छ रखने का संकल्प लें।

अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ हमारी एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से जहां नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत किया गया, वहीं चित्रकोट में स्वच्छता अभियान के जरिए ‘राष्ट्रप्रेम के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण’ का भी संदेश दिया गया।

Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226







