सुकमा में नक्सलियों के मंसूबों पर सुरक्षा बलों का बड़ा प्रहार, जंगल में डंप विस्फोटक सामग्री बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार थाना क्षेत्र के ग्राम इत्तलंका के समीप जंगल में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली गतिविधियों में उपयोग होने वाला अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को सुरक्षा बलों को सूचना प्राप्त हुई थी कि इत्तलंका गांव के आसपास जंगल में नक्सलियों द्वारा विस्फोटक एवं अन्य सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, 150वीं बटालियन CRPF के कमांडिंग ऑफिसर राकेश चंद्र शुक्ला तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स रोहित शाह के समन्वय में संयुक्त तलाशी अभियान की योजना तैयार की गई।

योजना के तहत F/150 BN CRPF, QAT 150 BN CRPF एवं थाना चिंतलनार पुलिस की संयुक्त टीम जंगल की ओर रवाना हुई। अभियान के दौरान जवानों ने इत्तलंका गांव से लगभग 300 मीटर दूर एक संदिग्ध स्थान को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

इलाके में संभावित IED खतरे को देखते हुए BDD टीम की सहायता ली गई और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान जंगल में एक स्थान पर कपड़े में लिपटा हुआ संदिग्ध बैग दिखाई दिया। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत जांच करने के बाद बैग को खोला गया, जिसमें बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री सहित नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ।

बरामद सामग्री

– 25 जिलेटिन स्टिक

– 16 BGL हेड

– 25 डेटोनेटर केस

– 12 मीटर कॉर्डेक्स वायर

– 2 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर

– 6 BGL प्लंजर

– 5 मीटर फ्लेक्सिबल वायर

– 1 चार्जिंग केबल

– 1 बैटरी कनेक्टर

– 1 BGL रॉ मटेरियल

– 1 बेल्ट

– 3 रोल वेल्क्रो

– 1 प्लास्टिक ड्रम

सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के बाद संयुक्त टीम के सभी जवान सुरक्षित रूप से अपने कैंप लौट आए।

पुलिस के मुताबिक, जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री की बरामदगी से उनके संभावित मंसूबों को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया।

सुकमा जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एरिया डोमिनेशन, सर्च ऑपरेशन और सघन तलाशी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें