Search
Close this search box.

नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेज से प्रसव और नवजात की बिक्री… दो और गिरफ्तार; अब तक 8 आरोपी पकड़े

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंखाजूर के व्यक्ति के पास बेचा गया था नवजात, पुलिस ने सकुशल बरामद किया; पीड़िता की उम्र ज्यादा दिखाने फर्जी आधार बनाने वाली महिला भी गिरफ्तार

रायपुर : नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की बिक्री के गंभीर मामले में रायपुर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना न्यू राजेंद्र नगर के इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने नवजात शिशु को भी सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की सुरक्षा और समुचित देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में सुरक्षित रखा गया है।

मामला थाना न्यू राजेंद्र नगर के अपराध क्रमांक 289/2026 से संबंधित है। पुलिस ने मामले में पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान नवजात को बेचने तथा पीड़िता की उम्र अधिक दर्शाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सूचना के आधार पर दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया।

पंखाजूर के व्यक्ति को बेचा गया था नवजात

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के दौरान पता चला कि पीड़िता के नवजात शिशु को पंखाजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास के पास बिक्री किया गया था।

इस जानकारी के बाद पुलिस टीम ने सुब्रत बिश्वास की पतासाजी शुरू की। पुख्ता सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने नवजात शिशु को खरीदना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया।

पीड़िता की उम्र ज्यादा दिखाने बनाया फर्जी आधार

विवेचना में एक अन्य अहम जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र निवासी पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था। यह फर्जी दस्तावेज पीड़िता की वास्तविक उम्र से अधिक उम्र दर्शाने के उद्देश्य से तैयार किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली।

पुलिस टीम ने पुख्ता सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूनम सागरिया को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नवजात को मातृछाया में रखा गया

नवजात शिशु की सुरक्षा और समुचित देखभाल को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में सुरक्षित रखा है। बच्चे को सुरक्षित बरामद किए जाने के बाद उसकी देखभाल के लिए संस्था के सुपुर्द किया गया।

दो मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से प्रकरण से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल मामले से संबंधित गतिविधियों में किया जाना पाया गया है।

जप्त मोबाइल फोन और विवेचना के दौरान मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

पहले 6 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

थाना न्यू राजेंद्र नगर में दर्ज इस मामले में पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब सुब्रत बिश्वास और पूनम सागरिया की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 8 हो गई है।

पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना लगातार जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सुब्रत बिश्वास, उम्र 32 वर्ष, निवासी पीबी-34, प्रेम नगर कापसी, थाना पखांजूर, जिला कांकेर, छत्तीसगढ़।

2. पूनम सागरिया, निवासी एसबीआई एटीएम के पास, प्रकाश किराना दुकान के सामने, कालीबाड़ी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर।

धाराओं में दर्ज है मामला

थाना न्यू राजेंद्र नगर के अपराध क्रमांक 289/2026 में धारा 64(2)(एफ), 65, 336, 337, 61(2), 351(2), 115(2), 89, 3(5) बीएनएस, धारा 4(2), 5(एन), 6 पॉक्सो एक्ट तथा धारा 81 जे.जे. एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।

मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों, जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें