25 अगस्त को शिक्षकों का शक्ति प्रदर्शन, मंडी परिसर से निकलेगी जिला स्तरीय रैली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगदलपुर। शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर बस्तर में आंदोलन का स्वर तेज होने जा रहा है। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले 25 अगस्त को जिला मुख्यालय जगदलपुर में शिक्षक शक्ति प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय रैली निकाली जाएगी। जिलेभर के विभिन्न शिक्षक संवर्ग के कर्मचारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एकजुट होंगे।

     शैलेन्द्र तिवारी जिला संचालक शिक्षक संघर्ष मोर्चा जिला बस्तर

 

रैली के लिए दोपहर 2 बजे मंडी परिसर में शिक्षकों का जमावड़ा होगा, जहां से हजारों की संख्या में शिक्षक एकजुट होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर कूच करेंगे। कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों के तत्काल निराकरण की मांग की जाएगी।

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों के अधिकार, सेवा सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। मोर्चा की प्रमुख मांगों में TET की अनिवार्यता समाप्त करना, पूर्व सेवा अवधि का पेंशन लाभ देना, केंद्रीय वेतनमान का लाभ प्रदान करना, 13 फरवरी 2026 के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में शिक्षक हित में आवश्यक संशोधन करना तथा B.Ed. ब्रिज कोर्स से जुड़े मामलों का निराकरण शामिल है।

   लुदरसन कश्यप, जिला संचालक शिक्षक संघर्ष मोर्चा, जिला बस्तर

 

“आश्वासन नहीं, अब चाहिए ठोस निर्णय”

शिक्षक संघर्ष मोर्चा जिला बस्तर के जिला संचालक शैलेन्द्र तिवारी एवं लुदरसन कश्यप ने जिले के सभी शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अधिकार और भविष्य से जुड़े विषयों पर अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है।

मंडी परिसर से कलेक्ट्रेट तक दिखेगी शिक्षक एकजुटता

मोर्चा पदाधिकारियों के अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से शिक्षक 25 अगस्त को दोपहर 2 बजे मंडी परिसर पहुंचेंगे। इसके बाद सभी शिक्षक एकजुट होकर कलेक्ट्रेट की ओर रवाना होंगे। पदाधिकारियों ने शिक्षकों से आधा पहर का अवकाश VSK में दर्ज कर संबंधित आवेदन अपलोड करने तथा निर्धारित समय पर रैली स्थल पहुंचने की अपील की है।

मोर्चा ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि शिक्षकों की लंबित मांगों, अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। 25 अगस्त की जिला स्तरीय रैली के माध्यम से शासन तक स्पष्ट संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा कि शिक्षक अब अपने अधिकारों को लेकर संगठित और निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार हैं।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने जिलेभर के शिक्षकों से एकजुट होकर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया है।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें