बस्तर में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। नगरनार थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24.545 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 12 लाख 27 हजार 250 रुपये बताई गई है।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजा ओडिशा से रायपुर ले जाने की फिराक में थे और बस का इंतजार करते हुए फॉरेस्ट नाका धनपुंजी के पास मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर नगरनार पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे में रखे थैले, प्लास्टिक बोरी और बैग से कुल 24.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. चुमन बघेल, पिता पुरन बघेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम तुरपुरा पोड़ाईगुड़ा पारा, थाना भानपुरी, जिला बस्तर।
2. बेनूधर कश्यप, पिता फगनू राम कश्यप, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम कुम्हली, थाना भानपुरी, जिला बस्तर।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) ii (ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर होने वाले गांजे के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विकेश तिवारी, सउनि जदुराम बघेल, प्रआर अजय साहू, भीमेसन बघेल, आरक्षक दशरू नाग, सुकमन पाण्डे, डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज एवं सैनिक जगन्नाथ नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
24 किलो से ज्यादा गांजा… कीमत 12 लाख से अधिक… और मंजिल थी रायपुर! लेकिन नगरनार पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की पूरी योजना पर पानी फेर दिया। बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।


















