जगदलपुर। कोंटा नगर पंचायत चुनाव : नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से कोंटा नगर पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने प्रभारी एवं सहप्रभारियों की नियुक्ति की है।


कोंटा नगर पंचायत चुनाव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामाश्रय सिंह को प्रभारी, भाजपा बस्तर जिला कार्यसमिति सदस्य संग्राम सिंह राणा को सहप्रभारी तथा जमुना मांझी को सहप्रभारी के रूप में सौंपी गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने दायित्व सौंपे जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं कोंटा प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर सभी नवनियुक्त प्रभारी एवं सहप्रभारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, सार्थक एवं यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामना की गई।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा के विचारों, संगठन की रीति-नीति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा। साथ ही सशक्त संगठन और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनावी मैदान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


















