पंचायत कोंटा के 15 वार्डों का आरक्षण तय, राजनीतिक सरगर्मी हुई तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आदर्श शुक्ला/सुकमा/ आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर नगर पंचायत कोंटा में चुनावी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सुकमा में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित कुमार की मौजूदगी में नगर पंचायत कोंटा के 15 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया विधिवत संपन्न हुई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की मौजूदगी में वार्डवार आरक्षण की स्थिति स्पष्ट की गई। आरक्षण सूची सामने आते ही संभावित दावेदारों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

जारी सूची के अनुसार नगर पंचायत कोंटा के वार्ड क्रमांक 1, 3, 9, 10 और 12 अनुसूचित जनजाति मुक्त, जबकि वार्ड क्रमांक 2 और 5 अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 8 अनुसूचित जाति मुक्त है। अनारक्षित मुक्त वार्डों में 4, 6, 7 और 15 तथा अनारक्षित महिला वार्डों में 11, 13 और 14 शामिल हैं। इस आरक्षण व्यवस्था के साथ कोंटा के प्रत्येक वार्ड में चुनावी समीकरण का नया खाका सामने आया है।

आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब संभावित दावेदारों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क और रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। आरक्षित वार्डों में नए चेहरों के लिए अवसर की संभावनाएं बनी हैं, वहीं महिला आरक्षण वाले वार्डों में महिला दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कोंटा में राजनीतिक चर्चाओं, दावेदारी और जनसंपर्क का दौर अब और तेज होने के आसार हैं।

AADARSH SHUKLA
Author: AADARSH SHUKLA

Leave a Comment

और पढ़ें