बस्तर में भारी बारिश के बीच सांसद महेश कश्यप का एक्शन, 6 जिलों के कलेक्टरों से लिया बाढ़ का अपडेट

बस्तर में भारी बारिश के बीच सांसद महेश कश्यप का एक्शन, 6 जिलों के कलेक्टरों से लिया बाढ़ का अपडेट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मोर्चा संभाल लिया है। सांसद ने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा और कोंडागांव जिले के कलेक्टरों से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर बारिश, जलभराव और बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

सांसद कश्यप ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों, जलभराव की स्थिति तथा प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने तत्काल राहत शिविर चिन्हांकित करने, आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव टीमों का गठन करने तथा संवेदनशील इलाकों में प्रशासनिक अमले को तैनात एवं सतर्क रखने को कहा। सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिवृष्टि या बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

‘आपदा में हर जरूरतमंद तक तुरंत पहुंचे मदद’

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में आमजन की सुरक्षा और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों तक भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सांसद की जनता से अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

सांसद महेश कश्यप ने आमजन से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। नदी, नाले, पुल-पुलिया और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा राहत एवं बचाव दल से संपर्क करें।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें