बस्तर में भारी बारिश से बिगड़े हालात, किरण देव ने संभाला मोर्चा! महापौर-कलेक्टर से फोन पर लिया पल-पल का अपडेट

बस्तर में भारी बारिश से बिगड़े हालात, किरण देव ने संभाला मोर्चा! महापौर-कलेक्टर से फोन पर लिया पल-पल का अपडेट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगदलपुर। बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदी-नालों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर संपर्क प्रभावित हुआ है, वहीं शहर की निचली बस्तियों में भी पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालात को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मोर्चा संभाला। रायपुर से उन्होंने जगदलपुर महापौर संजय पांडे, बस्तर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर बाढ़ और जलभराव की स्थिति का विस्तृत अपडेट लिया।

किरण देव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और आपदा प्रबंधन की टीमों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा जाए। साथ ही जलभराव वाले इलाकों में जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

लगातार बारिश के चलते बस्तर के नदी-नालों में पानी बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। वहीं जगदलपुर शहर की निचली बस्तियों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। ऐसे में प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

किरण देव ने कहा कि लगातार बारिश के कारण बस्तर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और सभी संबंधित विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ-साथ प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं।

भारी बारिश के बीच अब प्रशासन की नजर नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और निचले इलाकों पर बनी हुई है। अधिकारियों को किसी भी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें