रायपुर। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के ऐलान के साथ ही छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की नई टीम पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा और संगठन में गुटबाजी का आरोप लगाया है।


बैज ने महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर बधाई दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ और अनुभवी भाजपा नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अपेक्षित जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
बृजमोहन-अजय चंद्राकर समेत दिग्गजों की अनदेखी का आरोप
दीपक बैज ने दावा किया कि बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक और राजेश मूणत जैसे भाजपा के कद्दावर नेताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। बैज के मुताबिक, इन नेताओं को राज्य में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से दूर रखा गया और अब राष्ट्रीय संगठन में भी कोई बड़ी भूमिका नहीं दी गई।
उन्होंने इसे भाजपा के भीतर चल रही कथित गुटबाजी से जोड़ते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से संगठन के अंदर खींचतान की स्थिति साफ दिखाई देती है।
नितिन नवीन की नई टीम में कई नए चेहरे
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में नितिन नवीन की नई टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी और तीरथ सिंह रावत समेत 13 नेताओं को जिम्मेदारी मिली है।
वहीं राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है। बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है।
राष्ट्रीय मंत्रियों की टीम में भी अलग-अलग राज्यों से नए चेहरों को शामिल किया गया है, जिनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज टिग्गा समेत कई नेता शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ को भी मिला प्रतिनिधित्व
नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को भी प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।
हालांकि, कांग्रेस ने इन नियुक्तियों पर बधाई देने के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब बैज के आरोपों पर भाजपा की ओर से क्या जवाब आता है, इस पर प्रदेश की सियासत की नजर रहेगी।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226



















