मिनी ट्रक में 85 लाख का गांजा: कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर, चार गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महासमुंद। मिनी ट्रक में 85 लाख का गांजा : छत्तीसगढ़ के महासमुंद में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने एनएच-353 पर चेकिंग के दौरान एक मिनी ट्रक से 170.75 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाया था गांजा

पुलिस के मुताबिक, एनएच-353 पर बिरकोनी स्थित महाराजा ढाबा के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक की तलाशी में ऊपर से कांच के टुकड़े और कचरा रखा हुआ था, जबकि इनके नीचे गांजे की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी।

पुलिस ने जब छिपे हुए गांजे को बरामद किया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को इस तरह छिपाया था कि पहली नजर में ट्रक में सिर्फ कचरा और कांच का सामान नजर आए।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे खेप

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्धगढ़ से लेकर फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

गांजे के साथ 97 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा मिनी ट्रक, एक स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कुल 97 लाख 3 हजार 970 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मामले में कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और गांजे की सप्लाई का नेटवर्क किन इलाकों तक फैला हुआ है।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें