घरों में घुसा पानी, रातभर पानी निकालते रहे ग्रामीण; 24 घंटे से बिजली गुल, पेयजल और मोबाइल चार्जिंग तक का संकट

बस्तर। बस्तर तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा मधोता-02 के खैरगुड़ा खालेपारा में बारिश और जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं। पानी घरों में घुसने से 13 परिवारों के कुल 69 सदस्य प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों को रातभर घरों से पानी निकालना पड़ा। घरों में रखा धान और घरेलू सामान भीग गया है। इसी बीच क्षेत्र में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार खैरगुड़ा खालेपारा में सड़क के दोनों ओर नाली नहीं होने से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाई। पानी सड़क और आसपास के हिस्सों में जमा होकर घरों की ओर पहुंच गया। कुछ घरों में बाहर से पानी आने के साथ जमीन के अंदर से भी पानी निकलने की बात ग्रामीणों ने बताई है। लगातार बारिश के चलते जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
स्थिति की जानकारी मिलने पर बस्तर एसडीएम गगन शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार जॉली जेम्स, नायब तहसीलदार फूलबती भूआर्य और नरेंद्र पैंकरा तथा सरपंच ईस्पर मंडावी खैरगुड़ा पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।
घर में पानी भरने और लगातार बारिश को देखते हुए प्रभावित परिवारों को जरूरत पड़ने पर प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
भैंसगांव में भी बाढ़ प्रभावित परिवारों को अलर्ट
भारी बारिश के चलते बस्तर तहसील के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी प्रशासन सक्रिय है। तहसीलदार जॉली जेम्स लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि भैंसगांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
भैंसगांव में स्थिति को देखते हुए सरपंच ने भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि जलस्तर बढ़ने या आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
24 घंटे से बिजली गुल, अंधेरे में ग्रामीण
बारिश और जलभराव के बीच खैरगुड़ा क्षेत्र में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। रात में प्रभावित परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। घरों में पानी और बाहर लगातार बारिश के बीच बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी परिवार चिंतित हैं।
बिजली बंद होने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों को पीने के पानी से लेकर मोबाइल फोन चार्ज करने तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्ज नहीं होने से आपात स्थिति में प्रशासन, पंचायत और परिजनों से संपर्क बनाए रखना भी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ बारिश और जलभराव ने परेशानी बढ़ाई है, वहीं दूसरी तरफ बिजली गुल होने से स्थिति और कठिन हो गई है।
राशन नहीं उठा पाए परिवार तक पहुंचाई मदद
खैरगुड़ा में प्रभावित परिवारों के बीच स्थानीय स्तर पर भी मदद के प्रयास किए जा रहे हैं। पत्रकार मनोज कुमार ठाकुर सुबह से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं की जानकारी लेते रहे।
इसी दौरान सोमारी के परिवार के राशन नहीं उठा पाने की जानकारी सामने आई। बारिश के कारण परिवार राशन दुकान से चावल नहीं ले पाया था। जानकारी मिलने पर मनोज कुमार ठाकुर ने सरपंच ईस्पर मंडावी से बात कर राशन दुकान से चावल की व्यवस्था कराने में सहयोग किया। इसके बाद सोमारी के घर पहुंचकर परिवार के लिए राशन उपलब्ध कराया गया।
नाली निर्माण और स्थायी जलनिकासी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर नाली नहीं होने के कारण तेज बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होती है। इस बार लगातार मूसलाधार बारिश के कारण पानी घरों तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
प्रभावित परिवारों में त्रिनाथ पिता माड़ू, मालती पति अंतु, केशव पिता संपत, बिटलु पिता नड़गू, लक्ष्मण पिता बिटलू, बुटु पिता बिरसिंग, लयसिंह पिता बुटु, सोमनाथ पिता बिरसिंग, सुखराम पिता ललित, पदम पिता समंदू, शिवनाथ पिता लक्ष्मीनाथ, हेमकुमार पिता बुटुराम और तुलसी पिता समंदू शामिल हैं।
फिलहाल लगातार बारिश के बीच प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखना और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना है। वहीं ग्रामीणों के सामने बारिश, जलभराव और बिजली संकट की तिहरी चुनौती है। ग्रामीणों ने तत्काल राहत के साथ पेयजल, बिजली और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था तथा भविष्य के लिए स्थायी जलनिकासी की मांग की है।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226


















