17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान, बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम

जगदलपुर। सेवा संकल्प अभियान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के सफलतम 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का “सेवा संकल्प अभियान” चलाएगी। अभियान के तहत सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को लेकर भाजपा कार्यकर्ता बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंचेंगे।

इसी अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, जगदलपुर में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय विशेष रूप से शामिल हुए और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

“सेवा भावना के साथ जन-जन तक पहुंचे कार्यकर्ता” — पवन साय
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पवन साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए गौरव का विषय है। “सेवा संकल्प अभियान” केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण के साथ अभियान में सहभागी बने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा है। कोरोना महामारी के दौरान देश के सामने आई चुनौती से लेकर धारा 370 हटाने तथा नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई तक केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यों को उन्होंने रेखांकित किया।
पवन साय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन की सेवा भावना को मजबूत करना ही अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए हैं। इनका आयोजन बूथ, मंडल, जिला, प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक किया जाएगा। कार्यशाला में प्रोजेक्टर के माध्यम से अभियान की विस्तृत रूपरेखा, कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की भूमिका की जानकारी दी गई।
कार्यशाला को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, संभाग सहप्रभारी हरपाल सिंह भामरा और भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सांसद महेश कश्यप ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, विधायक विनायक गोयल, डॉ. सुभाऊ कश्यप, बैदूराम कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय, टेकेश्वर जैन, सुधीर पाण्डेय, विद्याशरण तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, खेमसिंह देवांगन, रामाश्रय सिंह, बलदेव मण्डावी, परीस राम बेसरा, अश्विनी सरडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















