कोंटा में ACB की बड़ी कार्रवाई: 16 लाख के एरियर्स भुगतान के एवज में 5% घूस मांग रहे BEO चंद्र कुमार यारदा 10 हजार की पहली किस्त लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 02 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए बीईओ चंद्र कुमार यारदा को ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
1991 से बकाया था इंक्रीमेंट, 1 महीने से काट रहे थे चक्कर
मामले का खुलासा करते हुए प्रार्थी कवासी मंगल राम (पदस्थ प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास दोरनापाल) ने बताया कि उनकी पत्नी कवासी सुशीला प्राथमिक शाला चितूरगुड़ा में पदस्थ हैं और वर्तमान में दुबाटोटा कन्या आश्रम में अधीक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी का वर्ष 1991 में नियुक्ति के समय से लेकर अब तक का इंक्रीमेंट बकाया था। सत्यापन के बाद कुल एरियर्स राशि लगभग ₹16 लाख बन रही थी।
प्रार्थी के अनुसार, इस एरियर्स बिल पर बीईओ के दस्तखत कराने के लिए वे पिछले 1 महीने से लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन काम नहीं किया जा रहा था।
“5% दिए बिना काम नहीं होगा” – बीईओ ने मांगी थी 80 हजार की घूस
जब प्रार्थी ने बीईओ चंद्र कुमार यारदा से सीधे बात की, तो अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एरियर्स राशि का 5 प्रतिशत (यानी ₹80,000) देना होगा, तभी बिल पास होगा। प्रार्थी द्वारा इतनी बड़ी रकम असमर्थता जताने पर भी बीईओ अपनी मांग पर अड़ा रहा।
ACB ने बिछाया जाल, पहली किस्त लेते ही दबोचा
बीईओ की प्रताड़ना से तंग आकर प्रार्थी ने ACB अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। ACB की सलाह पर प्रार्थी ने बीईओ से बात कर ₹10,000 की पहली किस्त पर सहमति बनाई। 02 सितंबर को जैसे ही प्रार्थी ने कार्यालय पहुंचकर ₹10 हजार रुपये बीईओ चंद्र कुमार यारदा को दिए, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।



















