जगदलपुर। बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में ‘भीम का माँगो पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी’ को असुरक्षित (UNSAFE) पाया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इस उत्पाद की बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।


विभाग के इस आदेश के बाद थोक एवं चिल्हर व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी संबंधित कारोबारियों को निर्देशित किया है कि प्रतिबंधित उत्पाद की बिक्री तत्काल बंद करें और बाजार में उपलब्ध स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि किसी दुकान, गोदाम या अन्य स्थान पर इस आइस कैंडी की बिक्री, वितरण या भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि जांच में भीम का मैंगो आइस कैंडी और वीबा एगलेस मेयोनीज अमानक पाए गए हैं, जिसके चलते पूरे बस्तर जिले में इनके विक्रय, वितरण एवं भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विभाग सतर्क
बच्चों में बेहद लोकप्रिय आइस कैंडी को लेकर सामने आई इस जांच रिपोर्ट ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि प्रतिबंधित उत्पाद को किसी भी स्थिति में बाजार में न बेचें और अपने प्रतिष्ठान में इसका स्टॉक न रखें।
वहीं, आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलती है तो तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दें।
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह कदम साफ संकेत है कि मिलावटी, अमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अब सख्ती और बढ़ाई जा रही है।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226


















