
जगदलपुर। गणेशोत्सव को लेकर बस्तर पुलिस अलर्ट : आगामी गणेशोत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों के साथ बैठक की। बैठक में पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और विसर्जन रैली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता CSP जगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे ने की। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित गणेश समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पंडालों में CCTV और फायर सेफ्टी अनिवार्य
पुलिस ने समितियों को गणेश पंडालों में CCTV कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्युत सुरक्षा और फायर सेफ्टी के आवश्यक इंतजाम रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
विसर्जन रैली में नियमों का पालन जरूरी
बैठक में विसर्जन के निर्धारित मार्ग, समय और स्थल का पालन करने के निर्देश दिए गए। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समितियों को पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
DJ और गीतों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश
पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्र और DJ के संचालन में प्रचलित नियमों, सक्षम प्राधिकारी के आदेशों और न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। साथ ही अश्लील, आपत्तिजनक या फूहड़ गीतों के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी गई।
विसर्जन रैली के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से पूरी तरह बचने के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने पंडाल और विसर्जन मार्ग के आसपास स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का ध्यान रखने की अपील की। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी समितियों को दिए गए।
बैठक में गणेश समितियों के पदाधिकारियों ने सभी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेशोत्सव मनाने तथा पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बस्तर पुलिस ने आमजन और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाएं तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
“श्रद्धा के साथ उत्सव, जिम्मेदारी के साथ आयोजन।”
— बस्तर पुलिस
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226


















