मानसून में अरकू घाटी का नजारा देखने का सुनहरा मौका, विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर में जुड़ा अतिरिक्त विस्टाडोम कोच

मानसून में अरकू घाटी का नजारा देखने का सुनहरा मौका, विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर में जुड़ा अतिरिक्त विस्टाडोम कोच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगदलपुर। बारिश के मौसम में अरकू घाटी की हरी-भरी वादियां, पहाड़, झरने और बादलों से घिरी प्राकृतिक सुंदरता का दीदार करना चाहते हैं, तो रेलवे ने यात्रियों के लिए शानदार मौका दिया है। साउथ कोस्ट रेलवे ने विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर में अतिरिक्त विस्टाडोम कोच जोड़ा है।

अतिरिक्त विस्टाडोम कोच की सुविधा 13 सितंबर से शुरू हो गई है। विशाखापट्टनम से किरंदुल जाने वाली ट्रेन में यह सुविधा 13, 15, 17, 19, 21, 23, 25, 27 और 29 सितंबर को उपलब्ध रहेगी। वहीं किरंदुल से विशाखापट्टनम जाने वाली पैसेंजर में 14, 16, 18, 20, 22, 24, 26 और 28 सितंबर को अतिरिक्त विस्टाडोम कोच लगाया जाएगा।

कांच की छत से दिखेगा प्रकृति का अद्भुत नजारा

विस्टाडोम कोच की सबसे खास बात इसकी कांच की छत और बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं। सफर के दौरान यात्री बिना किसी रुकावट के पहाड़ों, घाटियों, घने जंगलों और झरनों का नजारा देख सकेंगे। कोच में 360 डिग्री घूमने वाली सीटों समेत यात्रियों की सुविधा के लिए कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

जगदलपुर से विशाखापट्टनम के लिए ट्रेन सुबह 9:50 बजे रवाना होती है, जबकि वापसी में अगले दिन सुबह 7 बजे विशाखापट्टनम से जगदलपुर के लिए ट्रेन रवाना होती है।

₹1300 में यादगार बन सकता है सफर

विस्टाडोम कोच का किराया ₹1300 निर्धारित किया गया है। मानसून के दौरान अरकू घाटी की प्राकृतिक खूबसूरती को बेहद करीब से देखने का यह मौका यात्रियों के लिए खास है।

अगर आप भी बारिश में बादलों से ढकी पहाड़ियों, हरी-भरी घाटियों और झरनों के बीच अरकू का सफर करना चाहते हैं, तो तारीख तय कीजिए और टिकट की तैयारी शुरू कर दीजिए। क्योंकि अरकू घाटी का मानसूनी नजारा सिर्फ सफर नहीं, बल्कि जिंदगी भर याद रहने वाला अनुभव बन सकता है।

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें