सम्यक नाहटा :- गीदम : सेवा संकल्प अभियान के तहत गीदम में विकासखंड स्तरीय भाषण एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सक्षम-2 में आयोजित इस प्रतियोगिता में विकासखंड के सभी 33 संकुलों के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और विचारों का शानदार प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘महिला सशक्तिकरण’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘नक्सलवाद से मुक्ति’ जैसे महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर अपनी कल्पनाशक्ति और विचार प्रस्तुत किए। ड्राइंग प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से अपने सपनों और विचारों को जीवंत किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और ओजस्वी अंदाज में अपनी बात रखकर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 5 उत्कृष्ट वक्ताओं और 20 सर्वश्रेष्ठ चित्रों का चयन किया गया। निर्णायक मंडल में प्राचार्य के.आर. ठाकुर, वरिष्ठ व्याख्याता राकेश मिश्रा, कुंवर सिंह मंसूरे, धनेन्द्र सोनी, कैलाश कश्यप, केशव स्वर्ण रघु कौशल, हेमंत कोसमा, गया प्रसाद नाग, लव कुमार तारम एवं सुरेन्द्र साहू शामिल रहे। निर्णायकों ने निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए विद्यार्थियों के हुनर की सराहना की और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर एवं जिला मिशन समन्वयक हरीश गौतम ने प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सुश्री भवानी पुनेम एवं खंड स्रोत समन्वयक (BRC) नितेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न संकुलों से पहुंचे शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी प्रतिभा मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देने के साथ-साथ देश, समाज और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सोचने और अपनी बात रखने का मंच भी प्रदान किया।


















