Search
Close this search box.

बस्तर पुलिस ने छेड़ी साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी मुहिम, ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगदलपुर, 14 अगस्त 2026। साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने और आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से बस्तर पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस की फ्लैगशिप पहल ‘साइबर जागृति अभियान’ का जोरदार शुभारंभ किया। यह विशेष अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलेगा और इसका समापन गांधी जयंती के अवसर पर होगा।

अभियान के दौरान हर सप्ताह साइबर अपराध के अलग-अलग पहलुओं पर फोकस करते हुए आम लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, डिजिटल गिरफ्तारी, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्तर श्री शलभ कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान की पूरी रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव, जागरूकता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए।

 

एसपी श्री सिन्हा ने स्पष्ट संदेश दिया कि साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक डिटेल, UPI जानकारी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

📸 ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ से जुड़ेगा हर नागरिक

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान का भी शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस जन-जागरूकता अभियान का सक्रिय हिस्सा बनाना है।

बस्तर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने में मीडिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए मीडिया को अभियान का प्रमुख साझेदार बनाया है।

प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, सिटी एसपी श्री सुमित कुमार, साइबर टीम के सदस्य, राजपत्रित अधिकारी एवं बस्तर पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

⚠️ बस्तर पुलिस की नागरिकों से अपील

बस्तर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ OTP या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी के प्रति जागरूक रहें।

डिजिटल दुनिया में एक छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकती है। इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर जागरूकता का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाएं।

बस्तर पुलिस का संदेश — “साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

RashtraVadi News
Author: RashtraVadi News

न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226

Leave a Comment

और पढ़ें