जगदलपुर, 13 अगस्त 2026। देशभक्ति की भावना और नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ बस्तर के अंतिम छोर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, धनपूंजी में हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाकर हुई।


कार्यक्रम में डॉ. विकास दास ने विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने और स्वस्थ, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
वहीं नगरनार थाना के उप निरीक्षक सतीश यदु राज ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की।
कार्यक्रम में युवा कवि श्रीवर सिंह ठाकुर ने देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य पाठ कर माहौल में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। वहीं जगदलपुर के वरिष्ठ साहित्यकार शशांक श्रीधर शेन्डे ने अपनी रचनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
ग्राम सरपंच गायत्री नाग ने विद्यार्थियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया। पालक-शिक्षक संघ की अध्यक्ष सुजाता बिछाई ने भी अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
विद्यालय की प्राचार्य पूर्णिमा सरोज ने अतिथियों का स्वागत किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बी. एस. ध्रुव ने प्रश्नोत्तरी सत्र के जरिए विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली आकर्षण कांकेर के दल ‘लोक रंग सिगार’ के 10 कलाकारों की प्रस्तुति रही। कलाकारों ने नाटक और गीतों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और राष्ट्रप्रेम का संदेश बेहद प्रभावी अंदाज में प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण जागरूकता और देशभक्ति से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशे से दूर रहने, समाज को नशामुक्त बनाने और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
धनपूंजी में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ जागरूकता का मंच नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम साबित हुआ।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226








