पंडाल में गूंजा चीखों का शोर, नशेड़ी ने युवक के सीने में घोंपा चाकू

सिम्स पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गणेश पंडाल में चाकू से हत्या, नशे में मां पर ईंट से हमला, आरक्षक को घेरा; जगह-जगह चाकू-चापड़ लहराकर दहशत
बिलासपुर में अपराध का खूनी खेल : गणेश प्रतिमा पहुंची ही थी बिलासपुर में गणेश उत्सव के बीच एक बार फिर अपराध का खौफनाक चेहरा सामने आया है। गणेश प्रतिमा लेकर गांव पहुंचे युवकों का जुलूस अभी पंडाल तक पहुंचा ही था कि गाली-गलौज ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि उत्सव की जगह चीख-पुकार गूंजने लगी। नशे में धुत युवक ने पंडाल के भीतर ही चाकू निकाला और सामने खड़े युवक के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुछ ही पल में युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायल को आनन-फानन में सिम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर की है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डीजे की धुन के बीच अचानक निकल आया चाकू
पुलिस के अनुसार ग्राम संबलपुर निवासी आकाश सूर्यवंशी, पिता अंशु सूर्यवंशी, उम्र करीब 22 वर्ष गांव के युवकों के साथ डीजे की धुन पर भगवान गणेश की प्रतिमा लेकर गांव पहुंचा था। प्रतिमा को पंडाल में स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी गांव के ही अमन सूर्यवंशी, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी, उम्र 22 वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया है कि अमन आदतन नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। विवाद के दौरान आकाश ने उसे गाली दी। इसके बाद अमन भड़क गया।
अगले ही पल उसने जेब से चाकू निकाला और आकाश पर हमला कर दिया।
पंडाल के भीतर ही चाकू के लगातार वार से आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर से खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़ा। उत्सव के माहौल में अचानक हुई चाकूबाजी से मौके पर सनसनी फैल गई।
खून से लथपथ पड़ा था युवक, घरवालों को दी गई सूचना
पंडाल में मौजूद युवकों ने घटना की जानकारी आकाश के परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आकाश खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद भाग निकला आरोपी
हत्या की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस सक्रिय हुई। टीआई उमेश साहू, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, मनोज बघेल, सज्जू अली सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंडाल में मौजूद युवकों से घटना के संबंध में पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई। पतासाजी के दौरान पुलिस ने अमन सूर्यवंशी को सकरी क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी नशे का इलाज कराकर लौटा… फिर नशे में चाकू उठाया, पड़ोसी की जान ले ली
संबलपुर में नशे की गिरफ्त में खूनी वारदात, परिवार कई बार भेज चुका था नशामुक्ति केंद्र
सकरी क्षेत्र की इस वारदात में नशे की पुरानी लत भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमन सूर्यवंशी को परिजन पहले भी नशे की लत छुड़ाने के लिए नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। वह कुछ समय पहले ही वहां से वापस आया था।
लेकिन घटना के दिन वह फिर नशे में था। पंडाल में विवाद और गाली-गलौज के बाद स्थिति अचानक बिगड़ी और चाकू निकल आया।
पुलिस के अनुसार इसी विवाद में आकाश पर धारदार चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सीएसपी ने बताया—वारदात के वक्त नशे में था आरोपी
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी आदतन नशेड़ी है और वारदात के समय भी नशे में था। वह कुछ समय पहले ही नशामुक्ति केंद्र से वापस आया था। परिजन पहले भी उसे नशा छुड़ाने के लिए नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं और इलाज कराने की कोशिश करते रहे हैं।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226



















