
सरकंडा: दो वाहनों में आग, जांच में एक आरोपी तक पहुंची पुलिस
सरकंडा थाना क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में स्कूटी और मोटरसाइकिल में आग लगाने के मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने महेश कुमार साहू उर्फ भोला, गजनी उर्फ पेचकस (29) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर की रात चिंगराजपारा में खड़ी स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगाई गई थी। इसके बाद 13 सितंबर की रात बंधवापारा में शराब के लिए पैसे मांगने और विवाद के बाद एक मोटरसाइकिल चोरी कर उसे भी आग लगाने का मामला सामने आया।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रतनपुर: सड़क पर चाकू लेकर घूम रहा युवक पकड़ा
रतनपुर के ओछिनापारा में चाकू लहराकर राहगीरों को डराने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरज माण्डवा (28) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसी दिन दर्रीपारा में नशा और अड्डेबाजी करते पाए गए 7 लोगों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
सकरी: विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला, मौत
सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी में 14 सितंबर की शाम विवाद के दौरान आकाश सूर्यवंशी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक अमन सूर्यवंशी (23) ने झूमाझटकी के दौरान आकाश के सीने पर कई वार किए।
गंभीर हालत में आकाश को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की बात कही है।
त्योहारों से पहले गुंडा-निगरानी बदमाशों की परेड
गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को देखते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने गुंडा, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की परेड कराई। पुलिस ने उनके वर्तमान गतिविधियों की जानकारी लेते हुए त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की प्रक्रिया के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
‘पटाखा बुलेट’ पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
शहर में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। 15 सितंबर को हुई कार्रवाई में 8 मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट समेत कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, नंबर प्लेट पर टेप, बिना नंबर प्लेट और स्टाइलिश नंबर प्लेट जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि संबंधित प्रकरण न्यायालय भेजे जा रहे हैं।
सिरगिट्टी में भी 6 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा, गणेश नगर, तिफरा सहित चिन्हांकित स्थानों पर पुलिस की चेकिंग जारी है। अभियान के दौरान 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई
वाहन आगजनी, चाकू लेकर घूमने, हत्या, अड्डेबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन जैसे मामलों में हुई कार्रवाई से साफ है कि त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशाखोरी, अड्डेबाजी या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226


















