लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र में राहत अभियान, 243 कंबल, 64 त्रिपाल और 70 गंजी-बर्तन किए गए वितरित

लोहण्डीगुड़ा। बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे विधायक विनायक गोयल : हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं गांवों का दौरा कर राहत सामग्री का वितरण किया। विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचकर न सिर्फ जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई, बल्कि उनसे सीधे संवाद कर बाढ़ से हुए नुकसान और उनकी मौजूदा जरूरतों की जानकारी भी ली।

बाढ़ के चलते कई परिवारों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र में राहत सामग्री वितरण अभियान चलाया गया। विधायक विनायक गोयल ने स्वयं प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर कंबल, त्रिपाल एवं घरेलू उपयोग की सामग्री वितरित की।
इन गांवों में पहुंची राहत सामग्री
राहत वितरण के दौरान ग्राम पंचायत टाकरागुड़ा में 60 कंबल, बड़ाजी में 64 त्रिपाल, चन्दरपुर में 70 गंजी-बर्तन, चित्रकोट के बहारगुड़ा पारा में 60 कंबल, उसरी बेड़ा में 46 कंबल तथा धाराऊर चित्रकोट में 77 कंबल वितरित किए गए।
इस अभियान के तहत कुल 243 कंबल, 70 गंजी-बर्तन और 64 त्रिपाल बाढ़ प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराए गए।
ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, हरसंभव सहयोग का भरोसा
विधायक विनायक गोयल ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना जनप्रतिनिधियों और समाज की जिम्मेदारी है। राहत सामग्री के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को हो रही परेशानियों और आवश्यकताओं की लगातार जानकारी ली जा रही है। प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित स्तर तक पहुंचाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
राहत सामग्री मिलने से प्रभावित ग्रामीणों ने राहत महसूस की और विधायक विनायक गोयल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, ग्रामीणों की समस्याओं और आगामी आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की गई।
ये जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
राहत सामग्री वितरण के दौरान जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, नरसिंह ठाकुर, लच्छिन यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़, नरेश कापड़े, तुलुराम कश्यप, सीताराम मंडावी, सरपंच भरत कश्यप, लखन ठाकुर, बालसिंह ठाकुर, मिटकु राम बघेल, तरुण पाणीग्राही सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















