शहर की सुंदरता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं — यातायात सुरक्षा से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय
जगदलपुर। शहर की सड़कों और डिवाइडरों को ‘इश्तेहारों का अड्डा’ बनाने वालों के खिलाफ अब नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बिना अनुमति फ्लेक्स और बैनर लगाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर लगाम कसते हुए निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में सिटीकार्ट प्राइवेट लिमिटेड, जगदलपुर पर नियमों का उल्लंघन करने के मामले में ₹10 हजार का जुर्माना ठोका गया है, साथ ही दोहराव पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है।

निगम अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि शहर के डिवाइडर, बिजली के खंभे और अन्य सार्वजनिक स्थल विज्ञापन के लिए प्रतिबंधित हैं। इसके बावजूद कुछ संस्थाएं और कारोबारी नियमों को ताक पर रखकर इन स्थानों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
निगम के आदेश बेअसर! दुकानदारों की मनमानी जारी, बिजली पोलों पर अब भी टंगी दुकानों की होर्डिंग
सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने शहरभर में निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों पर अवैध फ्लेक्स लगे मिले। कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्था पर तत्काल जुर्माना लगाया गया और सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यह भी चेताया कि बिना अनुमति लगाए गए फ्लेक्स न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि दुर्घटनाओं को भी न्योता देते हैं। तेज हवा या बारिश में ये फ्लेक्स उखड़कर सड़कों पर गिर सकते हैं, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। साथ ही बड़े-बड़े बैनर चौराहों पर दृश्यता बाधित करते हैं, जो यातायात के लिए खतरनाक है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक संपत्तियों का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के तहत अनुमति लेकर ही प्रचार-प्रसार किया जा सकता है।
राजस्व विभाग ने दो टूक कहा है कि आगे ऐसे मामलों में केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई संभव है।
जनप्रतिनिधियों ने भी शहरवासियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शहर की स्वच्छता व सुंदरता बनाए रखने में सहयोग दें।
संकेत साफ हैं—अब अवैध फ्लेक्स लगाने वालों की खैर नहीं, नियम तोड़े तो सीधे कार्रवाई तय।
Author: RashtraVadi News
न्यूज़ से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए हमसे संपर्क करें : 8839577226








